खेत से लौट रहे थे घर, तभी मौत बनकर पलटा ट्रैक्टर! रायगढ़ में दर्दनाक हादसे ने गांव को दहला दिया

स्वतंत्र बोल
रायगढ़ ,10 मई 2026
: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। खेत में काम खत्म कर घर लौट रहे दो ग्रामीणों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में उनका सफर आखिरी साबित होगा। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हुआ और कुछ ही सेकंड में ऐसा मंजर बना कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ad

यह हादसा लैलूंगा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

youtube

मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम भेड़ीमुड़ा निवासी 40 वर्षीय अलेश भगत शनिवार सुबह करीब 6 बजे अपने ट्रैक्टर से खेत जोताई के लिए निकले थे। उनके साथ गांव के ही 45 वर्षीय महादेव भगत भी मौजूद थे। दोनों सुबह से खेत में काम कर रहे थे और दोपहर करीब 12 बजे काम खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर महादेव भगत चला रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर की रफ्तार अचानक तेज हो गई और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर पलट गया और दोनों उसके नीचे दब गए।

हादसा इतना भयावह था कि दोनों ग्रामीणों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने जब पलटा हुआ ट्रैक्टर देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम फैल गया। परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां चीख-पुकार मच गई। पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत और तेज रफ्तार दोनों इस हादसे की बड़ी वजह हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में डर और दुख का माहौल है। खेतों में मेहनत कर परिवार का पेट पालने निकले दो लोगों की अचानक हुई मौत ने गांव के लोगों को अंदर तक झकझोर दिया है।