स्वतंत्र बोल
रायपुर, 08 मई 2026: रायगढ़ में शुक्रवार को ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने सामाजिक बदलाव की एक नई तस्वीर पेश कर दी। एक ही मंडप के नीचे 150 जोड़ों ने सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक रीति-रिवाज और हजारों लोगों की मौजूदगी के बीच संपन्न हुआ यह सामूहिक विवाह समारोह अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी शामिल हुए। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह केवल शादी का आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सादगी और दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ मजबूत संदेश है।
रायगढ़ जिले के अलग-अलग विकासखंडों में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत रायगढ़ में 45, खरसिया में 15, बंजारी धाम खरसिया में 30, लैलूंगा में 30 और धरमजयगढ़ में 30 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। विवाह मंडपों को पारंपरिक तरीके से सजाया गया था और वर-वधू समेत उनके परिजनों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हर जोड़े को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। इसमें से 35 हजार रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजे जा रहे हैं, ताकि किसी बिचौलिए की भूमिका न रहे। बाकी राशि विवाह आयोजन, परिधान और जरूरी सामग्री पर खर्च की जा रही है।
इतना ही नहीं, समारोह के दौरान 45 नववधुओं को स्वेच्छानुदान मद से अतिरिक्त 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा भी की गई। मंत्री ने कहा कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह राशि सीधे खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
कार्यक्रम में उन्होंने राज्य सरकार की नई “रानी दुर्गावती योजना” का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बेटी के जन्म के बाद पंजीयन कराने पर 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर सरकार की ओर से डेढ़ लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसे बेटियों के भविष्य को सुरक्षित और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया जा रहा है।
समारोह के दौरान सामाजिक सौहार्द और संस्कारों का अनोखा संगम देखने को मिला। गायत्री परिवार की भूमिका की सराहना करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि संस्था समाज में नैतिक मूल्यों और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में प्रेरणादायी कार्य कर रही है। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी रही।


