स्वतंत्र बोल
कोलकाता,08 मई 2026: पश्चिम बंगाल की राजनीति इस वक्त सबसे बड़े सस्पेंस के दौर से गुजर रही है। विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिक गई हैं कि आखिर BJP बंगाल की सत्ता किस चेहरे को सौंपने जा रही है। शुक्रवार को होने वाली BJP विधायक दल की बैठक इस सस्पेंस से पर्दा उठा सकती है।
बताया जा रहा है कि कोलकाता में होने वाली इस अहम बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि इसी बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। BJP की इस ऐतिहासिक जीत ने पूरे बंगाल की राजनीति का समीकरण बदल दिया है। पार्टी ने 207 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया, जबकि ममता बनर्जी की TMC सिर्फ 80 सीटों पर सिमट गई।
चुनाव से पहले BJP ने मुख्यमंत्री पद के लिए किसी चेहरे का ऐलान नहीं किया था, लेकिन अमित शाह लगातार यह कहते रहे कि बंगाल का मुख्यमंत्री बंगाल की मिट्टी से जुड़ा नेता ही होगा। अब इसी बयान के बाद कई बड़े चेहरों के नाम चर्चा में हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा सुवेंदु अधिकारी के नाम की हो रही है। उन्हें CM पद की रेस में सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह है ममता बनर्जी के खिलाफ उनका आक्रामक राजनीतिक चेहरा और संगठन पर मजबूत पकड़। पिछले दो चुनावों में उन्होंने सीधे ममता बनर्जी को चुनौती दी और जीत हासिल कर खुद को BJP का सबसे बड़ा बंगाली चेहरा साबित किया।
दूसरा बड़ा नाम दिलीप घोष का है। बंगाल BJP को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में उनकी भूमिका बेहद अहम मानी जाती है। लंबे समय तक प्रदेश अध्यक्ष रह चुके दिलीप घोष संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ रखते हैं। पार्टी के अंदर उनका प्रभाव अब भी काफी मजबूत माना जाता है।
वहीं मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य का नाम भी तेजी से उभर रहा है। पार्टी की इस बड़ी जीत का श्रेय काफी हद तक उनके नेतृत्व को दिया जा रहा है। RSS पृष्ठभूमि से आने वाले समिक संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं और उन्हें रणनीतिक चेहरा माना जाता है।
इन सबके बीच अग्निमित्रा पॉल का नाम भी सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा रहा है। फैशन डिजाइनर से नेता बनीं अग्निमित्रा अपनी बेबाक शैली और आक्रामक राजनीति के लिए जानी जाती हैं। पार्टी ने हाल ही में उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया था और उन्होंने आसनसोल दक्षिण सीट से शानदार जीत दर्ज की है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि BJP आखिर किस चेहरे पर भरोसा जताएगी। क्या पार्टी अनुभवी और आक्रामक नेता पर दांव लगाएगी, या फिर किसी नए चेहरे से बंगाल की राजनीति में बड़ा संदेश देगी। फिलहाल पूरे राज्य की नजरें आज होने वाली विधायक दल की बैठक पर टिकी हुई हैं, जहां से बंगाल के अगले मुख्यमंत्री का नाम निकल सकता है।


