स्वतंत्र बोल
डोंगरगढ़, 05 मई 2026: छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ क्षेत्र के कोहलाकसा जंगल में उस वक्त खौफनाक मंजर बन गया, जब तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिलाओं पर अचानक जंगली सूअर ने हमला कर दिया। देखते ही देखते शांत जंगल चीख-पुकार से गूंज उठा और कई महिलाएं लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
जानकारी के मुताबिक, चिचोला, मूंगलानी और नारायणगढ़ गांव की करीब 10 महिलाएं एलबी नगर क्षेत्र के कोहलाकसा जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया। हमला इतना तेज और खतरनाक था कि 5 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना में कोलहाकसा गांव की रहने वाली फूलबाई साहू की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। उसके सीने और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। बाकी घायल महिलाओं को भी गंभीर चोटें पहुंची हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया है।
इस घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदूपत्ता सीजन में बड़ी संख्या में लोग रोज जंगल जाते हैं, ऐसे में इस तरह के हमले से उनकी सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जंगल में गश्त बढ़ाई जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल वन विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।


