स्वतंत्र बोल
रायपुर 05 मई 2026: राजधानी में एक नवविवाहिता के साथ साइबर उत्पीड़न का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात युवक ने फोन कॉल और व्हाट्सएप के जरिए महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि महिला को पुलिस की शरण लेनी पड़ी।
पीड़िता, जो छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल में कार्यरत है, ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, 30 अप्रैल को एक अनजान नंबर से आए कॉल ने उसकी जिंदगी में डर और असहजता घोल दी। कॉल उठाते ही युवक ने सीधे अश्लील बातें शुरू कर दीं और सेक्स को लेकर आपत्तिजनक मांग करने लगा। इतना ही नहीं, उसने महिला से उसके वैवाहिक संबंधों को लेकर भी निजी सवाल पूछे।
महिला ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गालियां देना शुरू कर दिया। मामला यहीं नहीं थमा। 4 मई को फिर से उसी नंबर से कॉल और व्हाट्सएप मैसेज आने लगे। इस बार आरोपी ने सारी हदें पार करते हुए अपनी नग्न तस्वीरें भेजनी शुरू कर दीं, जिससे महिला और ज्यादा भयभीत हो गई।
लगातार हो रही इस हरकत से परेशान होकर नवविवाहिता ने आखिरकार टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के मोबाइल नंबर की जानकारी पुलिस को सौंपी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना ने शहर में साइबर सुरक्षा और महिलाओं की निजता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


