सूटकेस खोलते ही सामने आया चौंकाने वाला राज… रेलवे स्टेशन पर पकड़ी गईं महिलाएं, अंदर छिपा था ऐसा सामान कि मच गया हड़कंप

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर , 01 मई 2026: 
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने सूटकेस में संदिग्ध सामान लेकर पहुंची दो महिलाओं को हिरासत में लिया। चेकिंग के दौरान जब सूटकेस खोला गया, तो अंदर से 10 किलो से अधिक गौमांस बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं रायपुर की ओर से बिलासपुर पहुंची थीं और अपने साथ सूटकेस में यह मांस लेकर आई थीं। पुलिस को पहले से ही इस संबंध में सूचना मिल चुकी थी, जिसके आधार पर स्टेशन पर सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर दोनों महिलाओं के सामान की तलाशी ली गई।

तलाशी में जब गौमांस मिलने की पुष्टि हुई, तो पुलिस ने तुरंत दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने भी सूटकेस में गौमांस होने की बात स्वीकार कर ली है।

घटना की जानकारी मिलते ही कुछ गौसेवक भी थाने के बाहर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरती और स्थिति को नियंत्रित किया।

तोरवा थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह गौमांस कहां से लाया गया था और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है या नहीं।

बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं शहर के मगरपारा इलाके की रहने वाली हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। आने वाले समय में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।