श्रमिक दिवस पर बधाई, लेकिन सियासी वार भी तेज… डिप्टी CM साव के बयान से गरमाई राजनीति, कांग्रेस पर एक के बाद एक तंज

स्वतंत्र बोल
रायपुर , 01 मई 2026:
रायपुर में श्रमिक दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने एक ओर श्रमिकों को शुभकामनाएं दीं, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है।

अरुण साव ने श्रमिक दिवस की बधाई देते हुए कहा कि श्रमिकों के पसीने से विकसित भारत का निर्माण हो रहा है और सरकार उनके हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रम कानूनों में बदलाव कर श्रमिकों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण देने का प्रयास किया जा रहा है।

सुशासन तिहार को लेकर उन्होंने जानकारी दी कि यह अभियान आज से शुरू होकर 10 जून तक चलेगा। इस दौरान निचले स्तर के अधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक सीधे जनता से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी भी समीक्षा की जाएगी। साथ ही लोगों से अपनी समस्याएं सामने रखने की अपील की गई है, ताकि उनका समाधान मौके पर ही किया जा सके।

इसी बीच उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के बोरे-बासी अभियान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दिखावे की राजनीति करती रही है और बोरे-बासी जैसे मुद्दों को भी राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश के लोग रोजाना बोरे-बासी खाते हैं, इसे एक दिन का आयोजन बनाना केवल दिखावा है।

कांग्रेस की बैठक को लेकर भी उन्होंने कहा कि जनता पहले ही कांग्रेस के अभियानों का परिणाम देख चुकी है और अब पार्टी जनहित से दूर हो गई है। उनके मुताबिक, कांग्रेस को इन गतिविधियों से कोई फायदा नहीं मिलने वाला।

साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता सचिन पायलट के दौरे पर भी सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस का जनता और देशहित से कोई सरोकार नहीं रह गया है। उन्होंने दावा किया कि अब जनता ही नहीं, बल्कि पार्टी के कार्यकर्ता और नेता भी कांग्रेस से दूर होते जा रहे हैं।

श्रमिक दिवस के अवसर पर दिए गए इस बयान में जहां श्रमिकों के सम्मान और विकास की बात की गई, वहीं सियासी आरोप-प्रत्यारोप ने यह साफ कर दिया कि आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति और भी तेज होने वाली है।