‘इया आपलो सामान निया’ पहल से 31 लाख के मोबाइल वापस, कई राज्यों तक फैला था नेटवर्क, साइबर टीम की सटीक ट्रैकिंग से मिला बड़ा परिणाम

स्वतंत्र बोल
दंतेवाड़ा , 01 मई 2026:
दंतेवाड़ा में पुलिस के एक खास अभियान ने उन लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी, जिनके मोबाइल फोन लंबे समय से गुम हो चुके थे। ‘इया आपलो सामान निया’ अभियान के तहत दंतेवाड़ा पुलिस ने कुल 141 गुम मोबाइल उनके असली मालिकों को वापस सौंपे हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 31 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक गौरव राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार वर्मन और साइबर सेल के नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक ठाकुर गौरव सिंह के मार्गदर्शन में चलाया गया। साइबर टीम ने आधुनिक तकनीक और CEIR पोर्टल की मदद से न सिर्फ जिले के भीतर, बल्कि उत्तरप्रदेश और आसपास के जिलों जैसे जगदलपुर, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव से भी गुम मोबाइलों को ट्रैक कर बरामद किया।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई ऐसे लोग भी थे, जिन्होंने अपने फोन मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी, लेकिन इस अभियान ने उनकी उम्मीद को फिर से जिंदा कर दिया।

पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 9479151665 भी जारी किया है। इसके अलावा भारत सरकार की हेल्पलाइन 1930 और ईमेल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। दंतेवाड़ा पुलिस ने “सायबर हेल्पलाइन दंतेवाड़ा” नाम से व्हाट्सएप सेवा भी शुरू की है, जिससे लोग सीधे अपनी शिकायत भेज सकते हैं और तुरंत एक्नॉलेजमेंट नंबर प्राप्त कर सकते हैं।

साथ ही, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए “सायबर संगवारी दंतेवाड़ा” नामक व्हाट्सएप चैनल भी शुरू किया गया है, जिसमें रोजाना साइबर सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी साझा की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या बैंकिंग गतिविधि की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन पर दें। यह अभियान न सिर्फ लोगों की खोई संपत्ति वापस दिलाने में सफल रहा, बल्कि साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित हो रहा है।