चलती कार बनी आग का गोला, कुछ सेकंड की देरी होती तो जिंदा जल जाता चालक, सरायपाली में दहला देने वाला हादसा


स्वतंत्र बोल
महासमुंद, 23 अप्रैल 2026:
 सरायपाली क्षेत्र में गुरुवार को एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने कुछ पल के लिए पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। पदमपुर रोड स्थित गुरु नानक चौक के पास अचानक एक चलती कार आग के गोले में तब्दील हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा और आसपास अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, कार में अचानक आग लगते ही चालक ने एक पल भी गंवाए बिना सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी। यही फैसला उसकी जिंदगी बचा गया, क्योंकि कुछ ही सेकंड में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। वहीं नगर पालिका की दमकल टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

इस अचानक हुए हादसे से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। कुछ समय के लिए इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग दूर से ही जलती कार को देखते रहे।

बताया जा रहा है कि कार चालक खेम लाल साहू, पिता अंगार साहू, ग्राम दुलारपाली, सरायपाली का निवासी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।