पुणे में ‘कैद’ हुआ मजदूर! पति को बंधक बनाकर पीटा गया, गर्भवती पत्नी की गुहार से खुला खौफनाक सच

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर, 16 अप्रैल 2026:
रोजगार की उम्मीद लेकर घर से निकला एक मजदूर परिवार, लेकिन जो हुआ उसने सबको झकझोर कर रख दिया। महाराष्ट्र के पुणे में कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट किए जाने की घटना ने एक बार फिर मजदूरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामला बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र के पचपेड़ी सुकुलकारी गांव का है, जहां का एक परिवार काम की तलाश में पुणे गया था। लेकिन वहां हालात इतने बिगड़ गए कि जान बचाकर लौटना पड़ा—और पीछे छूट गया एक पति, जो अब भी बंधक होने का दावा किया जा रहा है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, ठेकेदार ने मजदूरी के पैसे मांगने पर बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि गर्भवती महिला के पति संतोष महिलांगे को जबरन रोक लिया गया और बंधक बना लिया गया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

घटना के बाद किसी तरह महिला और अन्य परिजन बिलासपुर लौटे। लेकिन उनके चेहरे पर डर और आंखों में एक ही सवाल था—क्या संतोष सुरक्षित है?

गर्भवती महिला सीधे एसपी कार्यालय पहुंची और अपने पति को छुड़ाने की गुहार लगाई। उसने बताया कि ठेकेदार के डर से वहां कोई भी खुलकर सामने नहीं आ रहा और संतोष की जान को खतरा हो सकता है।

पीड़ित परिवार ने आरोपी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई और संतोष महिलांगे को जल्द से जल्द सुरक्षित छुड़ाने की मांग की है।

अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है—क्या वक्त रहते बंधक मजदूर को बचाया जा सकेगा, या इस मामले में और भी खौफनाक सच सामने आएंगे।