क्या विश्व धरोहर बनेगा छत्तीसगढ़ का सिरपुर? यूनेस्को की Tentative List में मिलने से चमकी किस्मत

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 21 सितंबर 2026: छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बहुत बड़ी पहचान मिली है। महासमुंद जिले में महानदी के तट पर स्थित प्राचीन नगरी सिरपुर को संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) की विश्व धरोहर की अस्थायी सूची (Tentative List) में शामिल कर लिया गया है। प्राचीन मंदिरों, बौद्ध विहारों, दुर्लभ मूर्तिकला और धार्मिक सहिष्णुता के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध सिरपुर अब आधिकारिक तौर पर विश्व धरोहर का दर्जा प्राप्त करने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ गया है।

ad

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार पुरातात्विक स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 1 जनवरी 2026 को सिरपुर का दौरा कर इसके संरक्षण और यूनेस्को सूची में शामिल कराने की बात कही थी, जो अब साकार होती नजर आ रही है।

youtube

दक्षिण कोसल की राजधानी और धर्म-संस्कृति का संगम

इतिहास के पन्नों में झांकें तो प्राचीन काल में श्रीपुर के नाम से मशहूर यह नगर पाण्डुवंशी शासकों के शासनकाल में दक्षिण कोसल की राजधानी था। सातवीं शताब्दी में चीनी यात्री ह्वेनसांग ने भी इस क्षेत्र की यात्रा की थी और यहाँ बौद्ध धर्म की समृद्ध परंपरा का जिक्र किया था। सिरपुर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ शैव, वैष्णव, बौद्ध और जैन परंपराओं का अनूठा सहअस्तित्व देखने को मिलता है।

लक्ष्मण मंदिर और बौद्ध विहारों का अद्भुत स्थापत्य

सिरपुर का विश्वप्रसिद्ध लक्ष्मण मंदिर सातवीं शताब्दी में ईंटों से बने प्राचीन भारतीय मंदिरों का बेहतरीन नमूना है। इसका निर्माण महाशिवगुप्त बालार्जुन की माता रानी वासटा ने कराया था। इसके अलावा यहाँ आनंदप्रभु कुटी विहार, स्वास्तिक विहार और विशाल तीवरदेव महाविहार जैसे प्राचीन बौद्ध स्थल मौजूद हैं। उत्खनन के दौरान यहाँ से दो हजार से अधिक पुरावशेष मिल चुके हैं, जिनमें प्राचीन सिक्के, धातु की दुर्लभ मूर्तियां और चीनी सम्राट काई युवान के काल का सिक्का भी शामिल है। इस वैश्विक पहचान से छत्तीसगढ़ में सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और देश-विदेश के शोधकर्ताओं, पर्यटकों तथा बौद्ध अनुयायियों का सिरपुर की ओर आकर्षण तेजी से बढ़ेगा।