अचानक पहुंचे कमिश्नर और खुल गई पोल, कुर्सियां खाली, फाइलें अटकी, तीन कर्मचारियों पर गिरी गाज

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 09 अप्रैल 2026:बिलासपुर नगर निगम मुख्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया जब निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे अचानक औचक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। शाम करीब 4:30 बजे विकास भवन पहुंचे कमिश्नर ने जैसे ही विभिन्न शाखाओं का दौरा शुरू किया, कई जगहों पर लापरवाही की परतें खुलती चली गईं।

निरीक्षण के दौरान योजना शाखा में दो कर्मचारी ड्यूटी समय में अपनी सीट से गायब मिले, जिसे देखकर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने तुरंत दोनों कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और स्पष्ट कर दिया कि अनुशासनहीनता और काम में ढिलाई किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।

इसके बाद कमिश्नर ने पीएम आवास योजना शाखा का जायजा लिया, जहां कई आवेदन लंबे समय से लंबित पाए गए। इस पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए जिम्मेदार क्लर्क को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देने में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भवन शाखा में भी स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। यहां लंबित भवन अनुज्ञा प्रकरणों को लेकर कमिश्नर ने नाराजगी जताई और समय सीमा के भीतर सभी मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिए। वहीं, पहले दिए गए आदेश के बावजूद विभागों के बाहर पट्टिका नहीं लगाए जाने पर स्टोर प्रभारी को भी नोटिस थमा दिया गया।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और फाइलों के रख-रखाव की स्थिति पर भी सवाल उठे। कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि कार्यालय का माहौल साफ-सुथरा और व्यवस्थित होना चाहिए, ताकि काम की गति तेज हो और आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।

इस औचक कार्रवाई के बाद निगम कार्यालय में कर्मचारियों के बीच खलबली मच गई है और अब सभी की नजरें आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।