नक्सलवाद पर सियासत तेज… CM का तीखा बयान, कहा- इस मुद्दे से खेलना खतरनाक

स्वतंत्र बोल
रायपुर 01 अप्रैल 2026. नक्सलवाद जैसे संवेदनशील मुद्दे पर एक बार फिर सियासत गर्मा गई है। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बयान सामने आया है, जिसने राजनीतिक माहौल को और तेज कर दिया है।

सीएम साय ने स्पष्ट तौर पर कहा कि नक्सलवाद जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर राजनीति करना बिल्कुल उचित नहीं है। उन्होंने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने के बजाय सुरक्षा बलों के प्रयासों की सराहना करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार और सुरक्षा बलों की भूमिका की तारीफ करते हुए कहा कि इन्हीं के संयुक्त प्रयासों से नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले चार दशकों तक यह समस्या विकास की राह में सबसे बड़ी बाधा रही, लेकिन अब छत्तीसगढ़ और देश इस चुनौती से काफी हद तक उबर चुका है।

राजनीतिक बयानबाजी के बीच सीएम साय आज रायगढ़ के दौरे पर रवाना हुए हैं, जहां वे उत्कल समाज द्वारा आयोजित वार्षिक सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान वे समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बयानबाजी और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।