बदल गए PAN CARD के नियम: अब हर बड़ा ट्रांजैक्शन रहेगा नजर में… एक गलती पड़ेगी भारी

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 02 अप्रैल 2026.  नए वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत के साथ ही पैन कार्ड से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। अब न सिर्फ PAN बनवाने की प्रक्रिया सख्त हो गई है, बल्कि बड़े लेनदेन पर भी सरकार की कड़ी नजर रहेगी। इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों, व्यापारियों और निवेशकों पर पड़ने वाला है।

अब सिर्फ Aadhaar से नहीं बनेगा PAN
अब PAN कार्ड के लिए आवेदन करना पहले जितना आसान नहीं रहा। पहले जहां सिर्फ Aadhaar से काम चल जाता था, वहीं अब अतिरिक्त दस्तावेज देना अनिवार्य होगा। आवेदकों को अब पहचान और उम्र से जुड़े दस्तावेज जैसे—जन्म प्रमाण पत्र, वोटर ID, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, 10वीं की मार्कशीट या मजिस्ट्रेट का हलफनामा जमा करना होगा।

बड़े बैंक ट्रांजैक्शन पर सख्ती
नए नियमों के तहत यदि कोई व्यक्ति एक वित्तीय वर्ष में बैंक में 10 लाख रुपये या उससे अधिक जमा या निकासी करता है, तो PAN देना अनिवार्य होगा। इससे बड़े लेनदेन पर निगरानी और कड़ी हो जाएगी।

गाड़ी खरीदने पर भी नया नियम
अब 5 लाख रुपये से अधिक कीमत की गाड़ी खरीदने पर PAN देना जरूरी होगा। यानी वाहन खरीदते समय भी आपकी वित्तीय जानकारी सीधे निगरानी में आएगी।

Aadhaar जैसा ही होना चाहिए PAN में नाम
सरकार ने एक और अहम बदलाव किया है—अब PAN कार्ड में नाम बिल्कुल वैसा ही होना चाहिए जैसा Aadhaar में है। दोनों में अंतर होने पर दिक्कत आ सकती है, इसलिए लोगों को अपने दस्तावेज अपडेट कराने की सलाह दी गई है।

कैश खर्च और प्रॉपर्टी डील पर भी सख्ती

  • 1 लाख रुपये से ज्यादा कैश बिल (होटल, रेस्टोरेंट, इवेंट) पर PAN अनिवार्य
  • प्रॉपर्टी खरीद-बिक्री में अब 20 लाख रुपये से ऊपर PAN जरूरी (पहले 10 लाख)
  • इंश्योरेंस पॉलिसी लेते समय शुरू से ही PAN देना होगा

कहां से करें आवेदन या अपडेट?
नया PAN बनवाने या जानकारी अपडेट करने के लिए आप

  • Protean eGov Technologies
  • UTI Infrastructure Technology and Services Limited
  • Income Tax Department of India की ई-फाइलिंग वेबसाइट
    का उपयोग कर सकते हैं।

क्यों जरूरी हैं ये बदलाव?
सरकार का मकसद टैक्स चोरी रोकना, फर्जी ट्रांजैक्शन पर लगाम लगाना और डिजिटल ट्रैकिंग को मजबूत करना है।