घर के भीतर ही बना मौत का जाल… पूर्व पुलिसकर्मी ने पत्नी और बेटी को उतारा मौत के घाट, इलाके में दहशत


स्वतंत्र बोल
रायपुर 01 अप्रैल 2026. एक ऐसा घर, जहां कभी रिश्तों की आवाज गूंजती थी, वहीं अचानक चीखों और खामोशी ने ऐसा रूप ले लिया कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। शहर से लगे सेमरिया इलाके में हुई इस डबल मर्डर की घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

मामले में आरोपी पूर्व पुलिसकर्मी गुलाब साहू ने अपनी पत्नी लता साहू और सौतेली बेटी चित्रा की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि उसने टंगिया से हमला कर दोनों की जान ले ली, जिससे घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह हो गया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी और उसकी पत्नी की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि किसी घरेलू विवाद ने इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया। हालांकि, असली वजह का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

इस वारदात के बाद इलाके में डर और सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर एक पूर्व पुलिसकर्मी, जिसे कानून की रक्षा करनी थी, वह कैसे इतनी खौफनाक घटना को अंजाम दे सकता है।

यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि जब रिश्तों के भीतर ही दरार गहरी हो जाती है, तो उसका अंत कितना भयावह हो सकता है।