गृह मंत्री शाह के बस्तर दौरे के बीच नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता…महिला-पुरुष समेत 86 नक्सलियों ने छोड़ा हिंसा का रास्ता

स्वतंत्र बोल
कोठागुडेम 05 अप्रैल 2025 :
 केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे के बीच नक्सल मोर्चे से एक बड़ी खबर सामने आई है। तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में 86 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें से अधिकांश छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं।

ad

जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने कोठागुडेम के हेमचंद्रपुरम पुलिस मुख्यालय पहुंचकर मल्टी जोन-1 के आईजी चंद्रशेखर रेड्डी के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वालों में 66 पुरुष और 20 महिलाएं शामिल हैं। ये सभी माओवादी लंबे समय से आईईडी ब्लास्ट, फायरिंग, हत्या और ठेकेदारों से वसूली जैसी गंभीर वारदातों में शामिल रहे हैं।

youtube

आईजी चंद्रशेखर रेड्डी ने बताया कि इन सभी ने तेलंगाना सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चेयुथा’ के तहत आत्मसमर्पण किया है। सरकार ने आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को पुनर्वास योजना के तहत तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की है।

बताया जा रहा है कि यह आत्मसमर्पण ऐसे समय पर हुआ है जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बस्तर में नक्सल विरोधी गतिविधियों की समीक्षा कर रहे हैं। यह घटनाक्रम सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में शांति बहाली की उम्मीद और भी मजबूत हो गई है। इससे पहले बीते शुक्रवार को लाखों रुपयों के इनामी तीन पुरुष और एक महिला नक्सली ने आत्मसमर्पण किया था।