हाईटेक हुआ अब छत्तीसगढ़ का ये रेलवे स्टेशन…

रायपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन का बिलासपुर रेलवे स्टेशन अब हाईटेक होगया है. यहां अब यात्रियों को एयरपोर्ट की तर्ज पर ऑटोमेटिक तरीके से चिप्स और कोल्ड्रिंक मिलेगा. मंडल के बिलासपुर स्टेशन में यात्रियों के लिए एक नई व्यवस्था की गई है. अब यात्रियों को चिप्स, कुरकुरे, चॉकलेट और कोल्ड्रिंक जैसे स्नेक्स और पेय पदार्थ खरीदने के लिए स्टाल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. वे आटोमेटिक वेंडिंग मशीन के जरिए खाने पीने की चीजें खुद से खरीद सकेंगे. रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों को आसान, त्वरित एवं डिजिटल भुगतान से खान-पान के पदार्थों की उपलब्धता को सुनिश्चित करने हेतु बिलासपुर स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक में आटोमेटिक वेंडिंग मशीन स्थापित की गई है जिसका आज विधिवत शुभारंभ स्टेशन में मौजूद एक बच्ची के द्वारा फीता काटकर किया गया. इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह एवं मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन उपस्थित थे.