हाईवे बना बर्थडे पार्टी का अड्डा! बीच सड़क आतिशबाजी कर रही थी युवती, फिर जो हुआ उसने सबको चौंका दिया

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 29 मई 2026:  सोशल मीडिया पर वायरल होने की सनक अब लोगों को कानून और जान दोनों से खिलवाड़ करने पर मजबूर कर रही है। बिलासपुर में एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सड़क पर चलने वाले लोगों की सांसें थाम दीं। हाईवे के बीचोंबीच स्कॉर्पियो रोककर जन्मदिन मनाया गया, आतिशबाजी हुई, तेज आवाज में गाने बजे और बीच सड़क ऐसा तमाशा चलता रहा कि कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ad

इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में एक युवती हाईवे पर खड़ी स्कॉर्पियो के सामने केक काटती दिखाई दे रही है। उसके आसपास आतिशबाजी की जा रही है, जबकि सड़क से लगातार अन्य वाहन गुजर रहे हैं। वीडियो देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि जरा सी चूक बड़ा हादसा करा सकती थी।

youtube

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बीच सड़क अचानक गाड़ी खड़ी होने और पटाखों की आवाज से वाहन चालकों में दहशत का माहौल बन गया। कई वाहन चालकों को ब्रेक लगाकर रुकना पड़ा, जिससे कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। इस दौरान तेज आवाज में संगीत बजता रहा और युवक-युवतियां वीडियो बनाने में व्यस्त रहे।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई। जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती और उसके साथ मौजूद युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए इस तरह सार्वजनिक जगहों पर लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इससे पहले भी शहर और आसपास के इलाकों में सड़क पर स्टंट और जन्मदिन पार्टी के कई वीडियो सामने आ चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग सबक लेने को तैयार नहीं हैं।