स्वतंत्र बोल
दुर्ग, 02 अप्रैल 2026: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने एक ऐसे ठगी के खेल का पर्दाफाश किया है, जिसने लोगों के सपनों को लालच के जाल में फंसा दिया था। फर्जी निवेश कंपनी बनाकर रकम को तीन महीने में दोगुना करने का झांसा देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
|
WhatsApp Group
|
Join Now |
|
Facebook Page
|
Follow Now |
|
Twitter
|
Follow Us |
|
Youtube Channel
|
Subscribe Now |
पुलिस के मुताबिक, आरोपी धर्मेन्द्र कुमार बंजारे ने AMS Solution और M/s R-V Group Company के नाम से एक फर्जी नेटवर्क तैयार किया था। इसी के जरिए उसने निवेशकों को भारी मुनाफे का लालच देकर अपने जाल में फंसाया। मामले का खुलासा तब हुआ जब दुर्ग के संतरा बाड़ी निवासी जयदीप सिंह कंडा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आरोपी और उसके साथियों ने उन्हें तीन महीने में रकम दोगुना करने का भरोसा दिलाकर कुल 38 लाख 25 हजार रुपये निवेश करवा लिए, लेकिन बाद में पैसा वापस नहीं किया।
शिकायत मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सुरागों के आधार पर आरोपी को रायपुर के सड्डू इलाके से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि तेजी से पैसा कमाने के लालच में लोग आसानी से ठगों के जाल में फंस जाते हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जांच जरूर करें, ताकि ऐसी ठगी से बचा जा सके।
