ओडिशा से आ रहे मिनी ट्रक में ऊपर भरी थी मिर्ची, जशपुर पुलिस ने बोरियां हटाईं तो उड़े होश!

Image

स्वतंत्र बोल
रायपुर 2 अक्टूबर 2026 :
नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस के ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में उत्तरप्रदेश के प्रयागराज निवासी मो. वसीम और मो. आसिफ को गिरफ्तार किया है। गांजा ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था।

ad

मिर्ची की बोरियों के नीचे मिले पैकेट

पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोका गया।

youtube

ट्रक में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों प्रयागराज, उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि ट्रक में मिर्ची की बोरियां लदी हैं और इन्हें ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा है।

पुलिस को संदेह होने पर वाहन में लदे सामान की बारीकी से जांच की गई। ऊपर की तरफ मिर्ची की बोरियां रखी थीं। इन्हें हटाने पर नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट मिले।

पैकेट खोलकर जांच की गई तो उनमें गांजा मिला। गवाहों की मौजूदगी में जांच करने पर 14 बोरियों से कुल 440 पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 440.63 किलोग्राम निकला।

दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी

पुलिस ने गांजे से जुड़े वैध दस्तावेज आरोपियों से मांगे। दोनों कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक को जब्त कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है। मिनी ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह मामले में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जब्ती की गई है।

ओडिशा से प्रयागराज जा रहा था गांजा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज ले जाया जा रहा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और उत्तरप्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस ने मामले में एंड-टू-एंड विवेचना शुरू कर दी है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, जांच में संलिप्त पाए जाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

2026 में अब तक 1906 किलो गांजा जब्त

जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलो गांजा बरामद किया जा चुका है।

इन मामलों में 22 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं।