महासमुंद में पुलिस का बड़ा एक्शन, 59 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त; ओडिशा से जुड़ी सप्लाई चेन पर शिकंजा
|
WhatsApp Group
|
Join Now |
|
Facebook Page
|
Follow Now |
|
Twitter
|
Follow Us |
|
Youtube Channel
|
Subscribe Now |
स्वतंत्र बोल
महासमुंद 21 अप्रैल 2026: छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोमाखान थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद कर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया गया।
पुलिस ने कुल 47.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 23 लाख 65 हजार रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल किए गए ट्रक, कार, मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल 59 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति भी सीज की गई है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों के खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक ट्रक में गांजे की बड़ी खेप छत्तीसगढ़ लाई जा रही है। इसके बाद कोमाखान क्षेत्र में नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। कुछ ही देर में संदिग्ध ट्रक को रोककर जब तलाशी ली गई, तो चालक सीट के नीचे बनाए गए विशेष चेंबर और प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह खेप ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र से लाई गई थी, जिसे छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में खपाने की योजना थी। जांच में यह भी सामने आया कि इस नेटवर्क के तार ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद मिराज और रोहित पोंड (दोनों बलांगीर, ओडिशा) तथा दीपक साहू (मुंगेली, छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है और इसकी गहराई से जांच की जा रही है।
महासमुंद पुलिस ने बताया कि पिछले तीन महीनों में जिले में नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत 74 मामलों में 5685 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया है और 192 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में एंड-टू-एंड जांच कर रही है, जिसमें सप्लाई चेन, सोर्स पॉइंट, फाइनेंशियल लिंक और डेस्टिनेशन नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
