स्वतंत्र बोल
रायपुर, 11 मई 2026: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। प्रशासनिक स्तर पर हाल ही में हुए बड़े फेरबदल के बाद अब पुलिस विभाग में भी व्यापक ट्रांसफर सूची तैयार होने की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है।
सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार जल्द ही पुलिस प्रशासन में बड़ी “सर्जरी” कर सकती है, जिसमें जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP), रेंज स्तर के आईजी, डीआईजी और पुलिस मुख्यालय में तैनात एडीजी स्तर के अधिकारियों तक के तबादले शामिल हो सकते हैं।
पुलिस मुख्यालय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि कई वरिष्ठ अधिकारी फिलहाल बिना स्पष्ट प्रभार के कार्यरत हैं। ऐसे में संभावित नई सूची के जरिए उन्हें नई जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं, जिससे विभागीय ढांचे में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
राजधानी रायपुर में लागू पुलिस कमिश्नरी प्रणाली के तहत हाल ही में कई अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए जा चुके हैं, इसलिए इस बार मुख्य फोकस राज्य के बाकी 33 जिलों पर रहने की संभावना जताई जा रही है। जिला पुलिस इकाइयों से लेकर सशस्त्र बलों और मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं तक में नई नियुक्तियां हो सकती हैं।
जानकारी के मुताबिक सरकार की रणनीति पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, तेज और चुस्त-दुरुस्त बनाने की है। इसे कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इस वर्ष जनवरी में पुलिस विभाग में बड़ा बदलाव हुआ था, जब संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था। उसी दौरान 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले भी किए गए थे।
अब पांच महीने बाद एक बार फिर उसी तरह की बड़ी प्रशासनिक सूची के संकेत मिल रहे हैं, जिसने पूरे पुलिस महकमे में हलचल और इंतजार दोनों बढ़ा दिए हैं।


