शहीदों को नमन, तिरंगे का संदेश; श्यामगिरी पहुंचे विजय शर्मा…

स्वतंत्र बोल
रायपुर 13 अगस्त 2026 उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप आज दंतेवाड़ा के श्यामगिरी पहुंचे। यहां उन्होंने 2019 में हुई नक्सली घटना के स्थल पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। स्थानीय लोगों और घटना के चश्मदीदों से मुलाकात के दौरान उस दौर की घटनाओं को याद किया गया। माहौल भावुक हो गया, जब मंत्रीद्वय ने शहीद परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।

ad

शहीदों की स्मृति में एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। इस दौरान सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को याद किया और घटना स्थल की मिट्टी भी संग्रहित की।

youtube

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर ने नक्सल हिंसा में अपनों को खोया है, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कभी जिस इलाके में तिरंगा फहराने से डराया जाता था, वहां आज लोग बिना डर के तिरंगा फहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता जीत गई है और नक्सलवाद हार गया है।

शर्मा ने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने और अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बस्तर के हर कोने में संविधान और लोकतंत्र की पहुंच मजबूत हो रही है।

ग्रामीणों की मांग पर विजय शर्मा ने नकुलनार-बचेली मार्ग का नाम शहीद भीमा मंडावी के नाम पर रखने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने इसके लिए कलेक्टर को आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बिहान समूह की महिलाओं से भी बातचीत की। उन्होंने महिलाओं को लघु वनोपज के प्रसंस्करण और ‘छत्तीसकला’ ब्रांड से जुड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

मंत्रीद्वय ने राष्ट्रपति भवन से लौटे बस्तर पंडुम के विजेता अरनपुर के मांदरी दल से भी मुलाकात की। बातचीत के दौरान विजय शर्मा ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि पहले महिलाएं राष्ट्रपति से मिलने दिल्ली गई थीं, अब राष्ट्रपति को भी बस्तर आकर उनके हाथ का खाना खाना चाहिए। इस पर महिलाओं ने भी राष्ट्रपति के बस्तर आने की इच्छा जताई।

इस दौरान सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी, आईजी बस्तर बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर, एसपी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।