स्वतंत्र बोल
रायपुर 30 अक्टूबर 2026: भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम शुक्रवार, 30 अक्टूबर को रायपुर के आसमान में उड़ान भरेगी। हेलीकॉप्टर दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे के बीच शहर के ऊपर से गुजरेंगे। इस दौरान शहरवासी अपने घरों की छतों से भी हेलीकॉप्टरों को देख सकेंगे।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के मौके पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग टीम का एयर शो आयोजित किया जाएगा। इससे पहले राजधानी में हेलीकॉप्टरों की उड़ान देखने को मिलेगी।
स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से सुसज्जित है सारंग टीम
भारतीय वायुसेना की सारंग टीम स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से सुसज्जित है। टीम अपने हवाई करतब, साहसिक प्रदर्शन और सटीक तालमेल के लिए जानी जाती है। इसके प्रदर्शन में वायुसेना का अनुशासन, तकनीकी दक्षता और उड़ान कौशल देखने को मिलता है।
टीम में होते हैं 5 हेलीकॉप्टर
सारंग टीम में पांच हेलीकॉप्टर शामिल होते हैं। इनमें आमतौर पर चार हेलीकॉप्टर हवाई करतब दिखाते हैं, जबकि एक को बैकअप के तौर पर रखा जाता है। प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टर एक साथ उड़ान भरते हुए आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाते हैं। पायलटों को गति और दिशा के साथ एक-दूसरे से सुरक्षित दूरी बनाए रखनी होती है। इसके लिए सटीक तालमेल जरूरी होता है।
फॉर्मेशन फ्लाइंग होता है प्रमुख आकर्षण
सारंग टीम के प्रदर्शन का प्रमुख आकर्षण फॉर्मेशन फ्लाइंग है। इसमें सभी हेलीकॉप्टर एक निश्चित दूरी और तालमेल के साथ उड़ान भरते हैं। इसके अलावा एक साथ दिशा बदलना, तेजी से ऊपर की ओर उड़ान भरना और आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाना भी प्रदर्शन का हिस्सा होता है।


