स्वतंत्र बोल
मेरठ 14 अक्टूबर 2026: उत्तर प्रदेश के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में कोर्ट ने मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को फांसी की सजा सुनाई है। दोनों को मुस्कान के पति सौरभ राजपूत की हत्या का दोषी ठहराया गया था। सजा सुनाने से पहले दोनों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत से जोड़ा गया। फैसले के बाद सौरभ की मां रेनू देवी ने संतोष जताते हुए कहा कि उन्हें वह न्याय मिला, जिसकी उन्हें तलाश थी।
नीला ड्रम में मिला था सौरभ का शव
मामला 3 मार्च 2025 का है। सौरभ राजपूत की हत्या के बाद उसका शव पांच टुकड़ों में नीले ड्रम में मिला था। इस मामले में सौरभ की पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था।
30 सितंबर को कोर्ट ने दोनों को सौरभ की हत्या का दोषी ठहराया था। इसके बाद सजा पर फैसला सुनाया गया।
सजा सुनते ही रोने लगी मुस्कान
वकील के मुताबिक, कोर्ट ने मुस्कान और साहिल दोनों को फांसी की सजा सुनाई है। दोनों पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
जैसे ही जज ने सजा सुनाई, मुस्कान फूट-फूटकर रोने लगी। इससे पहले जज से बातचीत के दौरान उसने अपने बच्चे का ध्यान रखने की बात कही थी।
मुस्कान के वकील ने उसकी दो बेटियों का हवाला देते हुए फांसी की सजा न देने की अपील की थी। हालांकि, कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया।
सौरभ की मां बोलीं- हमें न्याय मिला
फैसले के बाद सौरभ की मां रेनू देवी ने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि वह अदालत के फैसले से बहुत संतुष्ट हैं और उन्हें वह न्याय मिला, जिसकी उन्हें तलाश थी।
रेनू देवी ने मामले में साथ देने वाले वकीलों, सहयोगियों और स्टाफ का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह हमेशा उनकी आभारी रहेंगी।
बेटियों को लेकर क्या बोलीं सौरभ की मां?
रेनू देवी ने कहा कि जेल में रह रही बेटी से उनका कोई लेना-देना नहीं है। बड़ी बेटी को लेकर उन्होंने कहा कि अगर उसके नाना-नानी उसे बिना किसी शर्त के उन्हें सौंप देते हैं, तो वह उसे अपने साथ रखने के लिए तैयार हैं।


