स्वतंत्र बोल
रायपुर 15 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना एयरपोर्ट क्षेत्र में एटीसी बिल्डिंग के पीछे एक सिरफिरे प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। रविवार (13 सितंबर) की रात करीब साढ़े 9 से 10 बजे के बीच माना बस्ती से बरौंदा जाने वाली सड़क पर घटी इस दर्दनाक वारदात में 35 वर्षीय महिला 65 से 70 फीसदी तक झुलस गई थी। राहगीरों और 112 की मदद से महिला को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
5 साल से पति से अलग रहकर करती थी मजदूरी
पुलिस जांच में मृतका की पहचान आरंग-समोदा निवासी राजकुमारी साहू (35) के रूप में हुई है। मृतका करीब पांच साल पहले अपने पति से अलग हो गई थी। इसके बाद से वह बोरियाकला क्षेत्र में शदाणी दरबार के पास अकेली रहकर घरेलू काम और मजदूरी करके अपना जीवनयापन कर रही थी।
शादी से पहले का था प्रेम संबंध, मिलने के बहाने बुलाया
एएसपी ग्रामीण अभिषेक झा के अनुसार, राजकुमारी साहू और आरोपी वीरू के बीच शादी से पहले से प्रेम संबंध था। रविवार की रात आरोपी वीरू ने ही राजकुमारी को मिलने के बहाने माना एयरपोर्ट के पीछे बुलाया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी अपने साथ पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंचा था। आशंका जताई जा रही है कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने महिला पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी।
आरोपी ने 2021 में सास पर भी किया था टंगिये से हमला
जांच के दौरान आरोपी वीरू का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वर्ष 2021 में आरोपी आरंग के मोखला गांव गया था, जहां उसने कथित तौर पर राजकुमारी की सास पर टंगिये (कुल्हाड़ी) से हमला किया था। पुलिस अब इस पुराने जानलेवा हमले के मामले और मौजूदा घटनाक्रम के बीच के कड़ियों की गहनता से पड़ताल कर रही है।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे थे राहगीर, सोमवार रात तोड़ा दम
घटना की रात जब एटीसी बिल्डिंग के पीछे महिला आग की लपटों में घिरी चीख-चिल्ला रही थी, तब वहां से गुजर रहे ग्रामीणों और राहगीरों ने उसे देखा। तुरंत डायल-112 को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, 70 फीसदी तक झुलस जाने के कारण डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद सोमवार रात इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।


