स्वतंत्र बोल
रायपुर 29 जून 2026। राजधानी रायपुर में एक महिला ने अपने पति, सास और ननद पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से अपनी और अपनी मासूम बेटी की सुरक्षा की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने बाजार से करीब 7 करोड़ रुपये का कर्ज लिया है और अब उस कर्ज को चुकाने के लिए उस पर मायके से मिले जमीन के हिस्से की रकम देने का लगातार दबाव बनाया जा रहा है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और कई बार बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
राजेंद्र नगर निवासी पूजा कौर ने थाना प्रभारी न्यू राजेंद्र नगर को दिए आवेदन की प्रति मीडिया को भी उपलब्ध कराई है। आवेदन के साथ उन्होंने पति विक्रम सिंह सहा को विभिन्न अवसरों पर ऑनलाइन भेजी गई रकम के स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए हैं। पूजा का आरोप है कि पति बाजार से लिए गए करोड़ों रुपये के कर्ज को चुकाने के लिए उसकी मायके की चार बीघा जमीन की बिक्री से मिले हिस्से पर कब्जा करना चाहता है। पिछले एक वर्ष से लगातार पैसे की मांग की जा रही थी और इनकार करने पर मारपीट तथा मानसिक प्रताड़ना दी जाती रही।
महिला के अनुसार, 23 जून को पति ने कथित तौर पर डंडे, स्टिक और लोहे की रॉड से उसकी और उसकी बेटी की पिटाई की, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। उसने यह भी आरोप लगाया कि कई बार बंदूक दिखाकर मायके से पैसे लाने के लिए मजबूर किया गया।
अपने आवेदन में पूजा कौर ने बताया कि उसकी पहचान वर्ष 2020 में मोबाइल फोन के जरिए विक्रम सिंह सहा से हुई थी। बातचीत के बाद विक्रम शादी का दबाव बनाने लगा और वर्ष 2022 तक वह कई बार इंदौर आकर उससे मिलता रहा। महिला का आरोप है कि बाद में विक्रम और उसका दोस्त आमिर खान उर्फ दादू उसे इंदौर से रायपुर लेकर आए, जहां बाद में धमतरी के एक गुरुद्वारे में दोनों ने शादी की।
पूजा का आरोप है कि शादी के महज 15 दिन बाद ही पति, सास और ननद ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। गर्भावस्था के दौरान उसे कथित तौर पर गर्भपात की दवा देने की कोशिश की गई और मारपीट के कारण ब्लीडिंग भी हुई। इसके बाद वह इंदौर चली गई थी, लेकिन पति के भरोसा दिलाने पर दोबारा रायपुर लौट आई। महिला का कहना है कि कुछ समय बाद फिर से उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना शुरू हो गई।
आवेदन में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि सास, ननद और पति उस पर नशे की गोलियां खिलाकर दूसरे लोगों के पास भेजने का दबाव बनाते थे। विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। साथ ही उसकी बेटी को बेड से गिरा देने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे बच्ची के सिर में चोट आई। महिला ने पति और सास पर बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
पूजा कौर ने पुलिस से अपनी और बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पति के कब्जे में मौजूद उसकी स्कूटी, गहने और अन्य सामान वापस दिलाने तथा पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
नोट: यह खबर महिला द्वारा पुलिस को दिए गए लिखित आवेदन और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में पुलिस जांच और दूसरे पक्ष का बयान आना अभी शेष है।


