स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 13 नवंबर 2026: सोने और चांदी की कीमतों में आई बड़ी गिरावट के बाद त्योहारी सीजन में खरीदार एक बार फिर बाजार लौट आए हैं। धनतेरस और दिवाली के दौरान देश में 52 टन सोने की बिक्री हुई, जो पिछले साल के 42 टन के मुकाबले करीब 30 फीसदी ज्यादा है। इसकी कुल कीमत लगभग 72 हजार करोड़ रुपये रही। इस तरह पिछले 5 साल में सोने की यह सबसे अधिक बिक्री है। इससे पहले 2021 में दिवाली पर 55 टन सोने की बिक्री हुई थी। वहीं, इस दिवाली पर चांदी के सिक्के, बर्तन और मूर्तियों की देशभर में बिक्री 300 टन को पार कर गई है, जिसकी कीमत करीब 5,400 करोड़ रुपये है। ज्ञात रिकॉर्ड के मुताबिक, पिछले 22 साल में एक दिवाली में इतनी चांदी पहले कभी नहीं बिकी।
दाम गिरने से बदला खरीदारी का ट्रेंड
जनवरी में सोना 1.75 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर था (जो 2 लाख के करीब पहुंच रहा था), लेकिन धनतेरस पर यह 33,888 रुपये (19.33%) सस्ता होकर 1.42 लाख रुपये पर आ गया। इसी तरह चांदी भी 3.8 लाख रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड शिखर से 1.97 लाख रुपये (52%) सस्ती होकर 1.82 लाख रुपये प्रति किलो पर मिली। अखिल भारतीय ज्वैलर्स एवं स्वर्णकार महासंघ के अनुसार, पिछले चार-पांच महीने से बढ़ते दामों के कारण ग्राहक खरीदारी से बच रहे थे। दामों में गिरावट के बाद इस धनतेरस पर ग्राहकों ने पारंपरिक गहनों के बजाय सोने के सिक्कों और बिस्किट पर ज्यादा ध्यान दिया। इसके अलावा, धनतेरस पर प्राकृतिक हीरों की बिक्री में पिछले साल की तुलना में 250% का उछाल देखा गया, जबकि दिवाली के दौरान इसमें 47% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
गुजरात रहा नंबर वन, देखें राज्यों का कारोबार (करोड़ रुपये में)
-
गुजरात (अहमदाबाद, सूरत, राजकोट): 6,500 करोड़
-
केरल (त्रिशूर, कोच्चि, कोझिकोड): 6,000 करोड़
-
उत्तर प्रदेश (लखनऊ, आगरा, वाराणसी, कानपुर): 5,500 करोड़
-
पश्चिम बंगाल (कोलकाता- बाऊबाजार, गरियाहाट): 4,500 करोड़
-
राजस्थान (जयपुर, जोधपुर, उदयपुर): 4,000 करोड़
-
छत्तीसगढ़ (रायपुर): 3,500 करोड़
-
पंजाब (जालंधर, लुधियाना, अमृतसर): 3,000 करोड़
-
मध्य प्रदेश (इंदौर सर्राफा, भोपाल, जबलपुर): 2,000 करोड़
-
बिहार (पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर): 2,000 करोड़
-
झारखंड (रांची, जमशेदपुर): 770 करोड़
आगे क्या रहेगा बाजार का रुख?
ज्यादा बिक्री के पीछे दामों में गिरावट मुख्य कारण रही। लोगों ने मई से अक्टूबर तक ज्वेलरी की खरीद टाल रखी थी, जिसका असर अब दिखा है। उन्होंने अनुमान जताया कि अगले कुछ महीनों में सोना 1.60 से 1.65 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है, इसलिए भी लोग शादियों की खरीदारी अभी कर रहे हैं। वहीं, इस साल धनतेरस पर हल्के वजन वाले और रोजाना पहनने योग्य डिजाइनों की अच्छी मांग रही। कीमतों में नरमी और नवंबर-दिसंबर में शादियों के मजबूत सीजन के चलते आगे पारंपरिक आभूषणों की मांग में तेजी आने की उम्मीद है।


