रायपुर पहुंचते ही पवन खेड़ा का बड़ा हमला… राम मंदिर ट्रस्ट से RSS तक पर लगाए गंभीर आरोप, सियासत गरमाई

 

ad

स्वतंत्र बोल
रायपुर 29 जून 2026
कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा रविवार को रायपुर पहुंचे। राजधानी पहुंचने के बाद वे सीधे अभनपुर के लिए रवाना हुए, जहां कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। शिविर के अंतिम दिन वे कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करेंगे।

youtube

जानकारी के अनुसार, 29 जून को समाप्त हो रहे इस प्रशिक्षण शिविर में पवन खेड़ा संगठन को मजबूत करने, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। उन्होंने रायपुर में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि आज के सोशल मीडिया के दौर में संगठनात्मक प्रशिक्षण पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।

रायपुर पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में पवन खेड़ा ने राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट एक ऐसा प्रयोग है, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रभाव में बना और उसकी निगरानी में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि यह ट्रस्ट प्रधानमंत्री कार्यालय की निगरानी में गठित हुआ था और इससे जुड़े मामलों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि जो लोग भगवान राम के आदर्शों और सिद्धांतों की बात करते हैं, यदि उन्हीं के शासनकाल में भ्रष्टाचार और चोरी जैसी घटनाएं सामने आती हैं, तो यह बेहद गंभीर विषय है और इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पवन खेड़ा ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का इतिहास में कोई उल्लेखनीय योगदान नहीं रहा है। उन्होंने अयोध्या से लेकर उज्जैन तक की घटनाओं का जिक्र करते हुए कुछ संगठनों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और कहा कि ऐसे विषयों पर देश को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

पवन खेड़ा के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।