स्वतंत्र बोल
गौरैला-पेंड्रा-मरवाही 19 जून 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गौरैला-पेंड्रा-मरवाही जिले में विकास, जनकल्याण और सुशासन की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भव्य छायाचित्र प्रदर्शनी एवं वृहद पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। मल्टीपरपज स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से देशभर में ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण पर जोर
जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने कहा कि सुशासन तिहार जैसे अभियानों ने विकास कार्यों को नई गति दी है। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का उल्लेख करते हुए अभिभावकों से बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने की अपील की।
वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं ने लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया और लोगों को शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। वृहद पंजीकरण शिविर में पात्र हितग्राहियों का पंजीकरण कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ा गया।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत तीन हितग्राहियों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जरूरतमंद लोगों को सहायक उपकरण भी प्रदान किए गए।
विकास यात्रा की झलक बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी रही। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, आधारभूत संरचना विस्तार, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी प्रमुख उपलब्धियों को आकर्षक तस्वीरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी देखने पहुंचे नागरिकों ने केंद्र सरकार की 12 वर्षों की विकास यात्रा और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। यह आयोजन विकास और सुशासन के संदेश को जनसामान्य तक पहुंचाने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रभावी माध्यम साबित हुआ।
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान, उपाध्यक्ष शरद गुप्ता, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, एसडीएम विक्रांत अंचल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।


