महंगाई से बड़ी राहत! आधी रात से बदले नियम, LPG सिलेंडर हुआ सस्ता, डीजल पर लगी बड़ी पाबंदी भी खत्म

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 01 जुलाई 2026:
 जुलाई महीने की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए राहतभरी खबर लेकर आई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 180 रुपये से अधिक की बड़ी कटौती की है। इसके साथ ही सरकार ने पेट्रोल पंपों पर एक वाहन को प्रतिदिन केवल 200 लीटर डीजल देने की सीमा भी समाप्त कर दी है। हालांकि घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14 किलो के एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

ad

ऑयल कंपनियों के नए रेट के अनुसार, दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 3,113.50 रुपये के बजाय 2,930 रुपये में मिलेगा। यानी प्रति सिलेंडर 183.50 रुपये की राहत दी गई है। मुंबई में इसकी कीमत 3,067.50 रुपये से घटकर 2,885.50 रुपये, कोलकाता में 3,255.50 रुपये से घटकर 3,081.50 रुपये और चेन्नई में 3,283 रुपये से घटकर 3,106 रुपये हो गई है।

youtube

विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में आई नरमी के बाद यह राहत दी गई है। हाल के महीनों में ईरान और खाड़ी क्षेत्र में तनाव के चलते कमर्शियल गैस सिलेंडर लगातार महंगे हो रहे थे और बीते छह महीनों में कई बार कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी।

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। 14 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें पहले की तरह ही बरकरार हैं। दिल्ली में इसकी कीमत 942 रुपये, मुंबई में 941 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, चेन्नई में 957.50 रुपये, पटना में 1,031 रुपये और लखनऊ में 979.50 रुपये बनी हुई है।

इधर, 1 जुलाई से डीजल उपभोक्ताओं को भी बड़ी राहत मिली है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने पेट्रोल पंपों पर एक वाहन को प्रतिदिन केवल 200 लीटर डीजल देने की सीमा समाप्त कर दी है। अब वाहन चालक अपनी आवश्यकता के अनुसार डीजल भरवा सकेंगे। साथ ही फैक्ट्रियों और बड़े व्यावसायिक खरीदारों पर लगाई गई ईंधन खरीद संबंधी पाबंदियां भी हटा दी गई हैं।

गौरतलब है कि ईंधन आपूर्ति पर दबाव और संभावित किल्लत को देखते हुए सरकार ने 11 जून को यह अस्थायी प्रतिबंध लगाया था। अब सप्लाई सामान्य होने के बाद 29 जून को जारी आदेश के तहत सभी प्रतिबंध वापस ले लिए गए हैं।

हालांकि, इसी बीच सरकार ने पेट्रोल के निर्यात पर स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी (SAED) बढ़ाकर 4 रुपये प्रति लीटर कर दी है, जो पहले 1.50 रुपये प्रति लीटर थी।