मंत्रालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 6 अफसरों के विभाग बदले, वर्षों बाद बदली गई अहम जिम्मेदारी

स्वतंत्र बोल
रायपुर 18 जून 2026: छत्तीसगढ़ मंत्रालय में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने दो उप सचिव और चार अवर सचिव स्तर के अधिकारियों के विभागों में बदलाव करते हुए नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव को मंत्रालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विभागीय समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ad

जारी आदेश के अनुसार उप सचिव श्रीकांत वर्मा को गृह एवं जेल विभाग के प्रभार से मुक्त करते हुए उच्च शिक्षा, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उप सचिव अंकिता गर्ग को कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग से हटाकर गृह एवं जेल विभाग में पदस्थ किया गया है।

youtube

अवर सचिव स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। धनंजय नेताम और लीना राकेश के विभागों की अदला-बदली की गई है। अब धनंजय नेताम राजस्व विभाग में अपनी सेवाएं देंगे, जबकि लीना राकेश को उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी प्रकार संगीता भोले और एन. एक्का के विभागों में भी परिवर्तन किया गया है। दोनों अधिकारियों की पदस्थापना आपसी अदला-बदली के तहत की गई है। संगीता भोले को महिला एवं बाल विकास विभाग से स्कूल शिक्षा विभाग में भेजा गया है, जबकि एन. एक्का को स्कूल शिक्षा विभाग से महिला एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

इस फेरबदल में सबसे अधिक चर्चा धनंजय नेताम के विभाग परिवर्तन को लेकर हो रही है। बताया जा रहा है कि करीब आठ वर्षों बाद उनका विभाग बदला गया है, जिससे मंत्रालयी हलकों में इस आदेश को लेकर विशेष चर्चा बनी हुई है।

प्रशासनिक सूत्रों का मानना है कि विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय, दक्षता और प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है। आदेश जारी होने के बाद संबंधित अधिकारियों ने अपने नए विभागों का कार्यभार संभालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मंत्रालय में हुए इस बदलाव के बाद अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारी विभागीय कार्यों को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं।