स्वतंत्र बोल
रायपुर 27 नवंबर 2026 : महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के कई जिलों में छापेमारी की। रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी में ED की अलग-अलग टीमें एक साथ कई ठिकानों पर पहुंचीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और सट्टे से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच के तहत की जा रही है। रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में ED की टीम ने जेल एवं होमगार्ड विभाग में वित्त सहायक के पद पर पदस्थ राजेन्द्र सिंह के घर दबिश दी। टीम यहां दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच कर रही है। दुर्ग-भिलाई में एक चर्चित होटल के मालिक के घर और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई की गई। वहीं, धमतरी में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के सरगना सौरभ चंद्राकर के एक रिश्तेदार के घर ED की टीम पहुंची। इसके अलावा अन्य ठिकानों पर भी जांच की गई।
दिल्ली में कैटरर और रियल एस्टेट कारोबारी के ठिकानों पर छापा
महादेव सट्टा केस की जांच दिल्ली तक पहुंच गई है। ED ने लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर, रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े ठिकानों पर भी छापेमारी की है। जांच के दायरे में पिता-बेटे की 9 कंपनियां भी हैं।राहुल मक्कर ने सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई शादी में कैटरिंग का काम किया था। ED को शक है कि महादेव सट्टे से कमाए गए करोड़ों रुपये इन लोगों तक पहुंचाए गए। एजेंसी इस आशंका की जांच कर रही है कि यह रकम दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स और भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में निवेश की गई।
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद कार्रवाई
बताया जा रहा है कि दिल्ली में यह कार्रवाई सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर की गई। ED यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टे से कमाए गए पैसे किन लोगों और कंपनियों के जरिए आगे भेजे गए और उनका इस्तेमाल कहां किया गया। फिलहाल छत्तीसगढ़ और दिल्ली में छापेमारी की कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।


