स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बैगा आदिवासी बाहुल्य गांव नंदनी कुमान में कुछ महीनों के भीतर पांच बच्चों की मौत का मामला अब सियासी तूल पकड़ने लगा है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति बनाई है। यह टीम गांव का दौरा कर मृत बच्चों के परिजनों, ग्रामीणों और स्वास्थ्यकर्मियों से चर्चा करेगी। इसके बाद अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।
इंद्रशाह मंडावी बनाए गए समिति के संयोजक
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी को जांच समिति का संयोजक बनाया गया है। समिति में विधायक सावित्री मंडावी, जनक ध्रुव और हर्षिता स्वामी बघेल को शामिल किया गया है। इसके अलावा पूर्व विधायक भानूप्रताप सिंह, ममता चंद्राकर और कवर्धा जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल भी समिति के सदस्य होंगे।
बाघों के शिकार के पीछे बड़ा रैकेट? CBI जांच के लिए केंद्र को पत्र
परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों से करेगी चर्चा
कांग्रेस ने समिति के सदस्यों से जल्द प्रभावित गांव का दौरा करने और मामले की वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाने को कहा है। टीम पीड़ित बैगा जनजाति के परिवारों और अन्य ग्रामीणों से बातचीत करेगी। स्वास्थ्यकर्मियों से भी चर्चा की जाएगी। जांच के बाद समिति अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी। फिलहाल, बच्चों की मौत के कारणों के संबंध में दी गई जानकारी में कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।


