स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ के बीजापुर स्थित इंद्रावती टाइगर रिजर्व में तीन बाघों के शिकार के मामले की जांच CBI से कराने की सिफारिश की गई है। वन विभाग की अनुशंसा पर राज्य सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखा है। इसमें CBI को पूरे राज्य में अपनी शक्तियों और क्षेत्राधिकार का इस्तेमाल कर मामले की जांच करने की अनुमति देने की बात कही गई है। हालांकि, CBI ने अभी जांच शुरू नहीं की है।
नौ आरोपी जेल में, वन विभाग के कर्मचारी भी निलंबित
अब तक इस मामले की जांच वन विभाग की टीम कर रही थी। कार्रवाई के दौरान शिकारियों और बिचौलियों को गिरफ्तार किया गया। मामले में नौ लोगों को आरोपी बनाया गया है और सभी जेल में हैं। गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र पुलिस का एक हेड कांस्टेबल भी शामिल है, जिसे राष्ट्रपति पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा एक होमगार्ड कर्मी और टाइगर रिजर्व का एक पैदल गार्ड भी गिरफ्तार किया गया था। पैदल गार्ड पर आरोपियों की मदद करने का आरोप है। मामले में लापरवाही के आरोप में वन विभाग के एक रेंजर, डिप्टी रेंजर और बीट गार्ड को निलंबित किया जा चुका है।
जुलाई में ही भेजी गई थी CBI जांच की सिफारिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग प्रमुख (PCCF) अरुण पांडेय ने जुलाई में राज्य सरकार को पत्र लिखकर CBI जांच की मांग की थी। अब राज्य सरकार ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र भेजा है। वन विभाग को आशंका है कि बाघों के शिकार के पीछे अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी का नेटवर्क हो सकता है। इसी आशंका के मद्देनजर मामले की जांच CBI से कराने की सिफारिश की गई है।
अब CBI के अगले कदम पर नजर
राज्य सरकार की ओर से केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र भेजे जाने के बाद अब CBI की संभावित कार्रवाई पर नजर है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, CBI इस मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर सकती है। हालांकि, इसकी औपचारिक शुरुआत की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल वन विभाग की जांच में नौ लोगों को आरोपी बनाया गया है। CBI जांच शुरू होने पर मामले में शिकार और संभावित तस्करी नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की पड़ताल हो सकती है।
बाघ शिकार मामले में अब तक क्या हुआ?
1. 29 जून को दो बाघों की खाल बरामद
वन विभाग की संयुक्त टीम ने छत्तीसगढ़ के बांदे-पखांजूर मार्ग पर मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को पकड़ा। उनके पास से बाघों की दो खालें, 13 मूंछ के बाल और अन्य सामग्री बरामद की गई।
2. जांच में तीसरी खाल मिली
पूछताछ के बाद इंद्रावती नदी के पास नेतीवाड़ा गांव में तलाशी ली गई। वहां से शिकार में इस्तेमाल होने वाले फंदे, चाकू, 12 पंजे और चार दांत बरामद होने की जानकारी सामने आई। 5 जुलाई को इंद्रावती नदी के पास तीसरी बाघ की खाल भी मिली
3. पुलिस से जुड़े लोगों के नाम भी आए
गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के गढ़चिरौली पुलिस की विशेष शाखा से जुड़ा एक सिपाही और पुलिस का एक गोपनीय मुखबिर शामिल थे। जांच में कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें चार महाराष्ट्र और पांच बीजापुर जिले के निवासी बताए गए
4. तीन वनकर्मी निलंबित किए गए
मामले में लापरवाही के आरोप में पासेवाड़ा वन परिक्षेत्र के रेंजर कमल कश्यप, डिप्टी रेंजर नरहरि बघेल और बीट गार्ड विश्वनाथ मांझी को निलंबित किया गया।
5. अब CBI करेगी जांच
वन विभाग ने जुलाई में CBI जांच की सिफारिश की थी। 7 अक्टूबर को The Rural Press की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य सरकार ने कांकेर के पश्चिम भानुप्रतापपुर वनमंडल और इंद्रावती टाइगर रिजर्व से जुड़े दो वन अपराध मामलों की जांच CBI को सौंपने पर सहमति दे दी।


