ओडिशा से बस्तर तक फैला इंटरस्टेट नेटवर्क बेनकाब…कमरों में छिपा था करोड़ों का काला खेल…आधी रात छापा, 54 किलो गांजा संग 6 तस्कर गिरफ्तार


स्वतंत्र बोल 
जगदलपुर 14 अप्रैल 2026: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक साधारण दिखने वाली धर्मशाला के भीतर चल रहे खतरनाक ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 किलोग्राम गांजा के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत करीब 26 लाख 97 हजार रुपये बताई जा रही है।

ad

यह पूरा खुलासा तब हुआ जब बोधघाट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गोयल धर्मशाला में कुछ संदिग्ध लोग ठहरे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए देर रात दबिश दी और मौके से सभी आरोपियों को धर दबोचा।

youtube

गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के बबलू कुशवाहा, श्रीनिवास और देशराज कुशवाहा, उत्तर प्रदेश के पंकज उपरेती, जबकि सुकमा के राम सिंह और दुबराज कश्यप शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसे बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखा गया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह कोई साधारण मामला नहीं, बल्कि एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है। सुकमा के आरोपी इस पूरे रैकेट में मध्यस्थ की भूमिका निभाते थे, जो मलकानगिरी से गांजा लाकर जगदलपुर में सप्लाई करते थे। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य इस नशे की खेप को देश के अलग-अलग राज्यों तक पहुंचाते थे।

फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20 (B) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह के तार कई अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, और पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर धर्मशाला जैसे आम ठिकानों को इस तरह के गैरकानूनी कामों के लिए कैसे इस्तेमाल किया जा रहा था।