भट्ठी, बाजार और नहर किनारे चल रहा था अवैध कारोबार, पुलिस ने शराब, नगदी और वाहन किए जब्त

स्वतंत्र बोल
धमतरी , 24 मई 2026: धमतरी जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अलग-अलग जगहों पर की गई ताबड़तोड़ रेड कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब, नगदी रकम और वाहन भी जब्त किए गए हैं।

ad

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना मगरलोड, थाना कुरूद और चौकी बिरेझर पुलिस ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश दी।

youtube

मगरलोड थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बेलरदोना मार्ग स्थित शराब भट्ठी आहता में अवैध रूप से भारी मात्रा में बियर बेचने का काम चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो वहां मौजूद लोग भाग निकले, लेकिन आरोपी उत्तम निषाद उर्फ राजा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तलाशी में उसके पास से Budweiser Magnum कंपनी की 17 केन बियर, नगदी रकम और अन्य सामान बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

वहीं थाना कुरूद पुलिस ने ग्राम गाड़ाडीह में दबिश देकर गिरधर साहू नामक आरोपी को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा। उसके पास से बड़ी मात्रा में देशी मसाला शराब और नगदी रकम बरामद की गई।

इसके अलावा नया बाजार कुरूद इलाके में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किशोर कुमार ध्रुव को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर शराब बेच रहा था। उसके कब्जे से देशी प्लेन और मसाला शराब के साथ एक होंडा एक्टिवा वाहन भी जब्त किया गया।

उधर चौकी बिरेझर पुलिस ने ग्राम सोनपुर बड़े नहर नाली के पास घेराबंदी कर कमलेश कुमार टंडन को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 17 पौवा देशी शराब और नगदी रकम बरामद हुई।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बाद अवैध शराब कारोबारियों में डर का माहौल बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।