रातभर खाट पर पड़ी रहीं 4 लाशें… सुबह मिस्त्री ने देखा खौफनाक मंजर, बेटा ही निकला कातिल..एक ही परिवार के चार लोगों को उतारा मौत के घाट

स्वतंत्र बोल
जांजगीर-चांपा, 14 मई 2026:
  जिले के भवंतरा गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के मामले में पुलिस जांच ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। जिन लोगों के साथ आरोपी रोज उठता-बैठता था, उन्हीं को मौत के घाट उतारने की साजिश घर के अंदर ही रची गई थी। पुलिस जांच में मृतक का बेटा ही इस जघन्य हत्याकांड का मुख्य आरोपी निकला है।

ad

पुलिस के मुताबिक, इस खौफनाक वारदात को सोना साय कश्यप ने अपने बेटे गोलू के साथ मिलकर अंजाम दिया। मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पैतृक संपत्ति को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था और यही विवाद आखिरकार खूनी संघर्ष में बदल गया।

youtube

जांच में सामने आया है कि आरोपी सोना साय कश्यप का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। पुलिस के अनुसार, उसने वर्षों पहले अपने ही बड़े भाई की हत्या की थी, जिसके चलते वह करीब 15 साल तक जेल में बंद रहा। हाल ही में जेल से रिहा होकर गांव लौटने के बाद फिर से संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद शुरू हो गया था।

बताया जा रहा है कि विवाद लगातार बढ़ता गया और इसी के बाद आरोपी ने अपने बेटे के साथ मिलकर पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रच डाली। शिवरीनारायण पुलिस ने पहले भी आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी, लेकिन हालात नहीं बदले।

इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा गुरुवार सुबह हुआ, जब निर्माणाधीन मकान में काम करने पहुंचे एक मिस्त्री ने खाट पर पड़े शव देखे। चारों शवों को देखकर वह घबरा गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम की मदद से जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद आरोपी सोना साय कश्यप को हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ में उसने पूरी साजिश का राज उगल दिया।

फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। साथ ही अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।