स्वतंत्र बोल
कवर्धा 07 मई 2026:कवर्धा जिले के ग्राम पंचायत पोंडी में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
यह घटना वार्ड क्रमांक 7 में हुई, जहां स्थानीय लोगों ने सबसे पहले ट्रांसफार्मर से उठती आग और काले धुएं के गुबार को देखा। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थिति और साफ हो गई, जिसमें ट्रांसफार्मर से उठती ऊंची लपटें और आसमान में फैलता काला धुआं स्पष्ट दिखाई दे रहा है। आसपास के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी गई, जिसके बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई, लेकिन बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांसफार्मर के पास ही घर और वाहन खड़े थे, जिससे आग फैलने की स्थिति में नुकसान और गंभीर हो सकता था।


