खाद संकट के बीच छत्तीसगढ़ को केंद्र की बड़ी सौगात, राज्य को मिलेगा 50-50 हजार टन यूरिया और DAP

स्वतंत्र बोल
रायपुर 13 अगस्त 2025: केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ में DAP और यूरिया के 50-50 हजार टन अतिरिक्त आवंटन की मंजूरी दी है। CM विष्णु देव साय की पहल पर केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत दी है।

किसानों के हित में लिए गए इस महत्वपूर्ण फैसले के लिए CM साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रासायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा का आभार जताया है। मुख्यमंत्री की पहल पर केंद्रीय मंत्री से दिल्ली में कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के सांसदों ने मुलाकात कर छत्तीसगढ़ राज्य को यूरिया और DAP खाद की आपूर्ति के संबंध में चर्चा की।

केंद्रीय मंत्री नड्डा ने दिया अधिकारियों को निर्देश

राज्य के कृषि मंत्री नेताम और सांसदों ने राज्य के किसानों को खरीफ सीजन में रोपा-ब्यासी के समय पड़ने वाले खाद की अतिरिक्त आवश्यकता की जानकारी देते हुए उनसे खरीफ सीजन के लिए छत्तीसगढ़ को निर्धारित सप्लाई प्लान के अतिरिक्त 50-50 हजार टन यूरिया और डीएपी खाद आवंटित किए जाने का आग्रह किया है। केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने इस पर छत्तीसगढ़ को अतिरिक्त खाद उपलब्ध कराने उर्वरक मंत्रालय अधिकारियों को निर्देशित किया।

Breaking: छत्तीसगढ़ बीजेपी के कार्यकारिणी का हुआ विस्तार, देखें किसको मिली कौन सी जिम्मेदारी

कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने छत्तीसगढ़ में यूरिया और डीएपी खाद की आपूर्ति की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के किसान मुख्य रूप से धान की फसल लेते हैं। खरीफ सीजन में किसान अगस्त-सितंबर माह में रोपा-बियासी का कार्य करते हैं। वर्तमान में रोपा-बियासी का काम तेजी से चल रहा है। इस समय धान के पौधों को तेजी से बढ़वार और बेहतर उत्पादन के मद्देनजर किसानों को इस समय ज्यादा फोस्फेटिक खाद की जरूरत पड़ती है।