3 करोड़ लाओ और जमीन बेचो… डिप्टी कलेक्टर पर पत्नी का बड़ा आरोप, काउंसलिंग फेल होने पर केस दर्ज

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 12 अक्टूबर 2026:
छत्तीसगढ़ में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी (डिप्टी कलेक्टर) मनोज बंजारे और उनके परिजनों के खिलाफ महिला थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना, मारपीट और घरेलू हिंसा का आपराधिक मामला दर्ज किया है। उनकी पत्नी पूजा बंजारे ने गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है कि विवाह के बाद से ही उन्हें कम दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 115(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ad

लग्जरी कार और 2 से 3 करोड़ रुपये नकद मांगने का आरोप

आरंग क्षेत्र के ग्राम भानसोज निवासी पूजा बंजारे की शादी जुलाई 2024 में धमतरी के जोधापुर वार्ड निवासी मनोज बंजारे से हुई थी। पीड़ित पत्नी के अनुसार, विवाह में पर्याप्त उपहार दिए जाने के बावजूद दूसरे दिन से ही ताने मिलने लगे थे। आरोप है कि पति मनोज बंजारे, सास ललिता बंजारे और ससुर कोमल सिंह बंजारे मायके की जमीन बेचकर लग्जरी कार और 2 से 3 करोड़ रुपये नकद लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी न करने पर मारपीट की गई।

youtube

गर्भावस्था और प्रसव के दौरान उत्पीड़न, फोन नंबर किया ब्लॉक

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि मई 2025 में समयपूर्व प्रसव और अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी ससुराल पक्ष का व्यवहार बेहद खराब रहा। बच्चे के जन्म के बाद उन्हें नवजात शिशु के साथ मायके में छोड़ दिया गया और बाद में पति ने उनका फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया। इसके अलावा, अप्रैल और 2 सितंबर 2026 को पति ने अपने भाइयों के साथ मायके पहुंचकर गाली-गलौज, तोड़फोड़ और मारपीट की।

परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग विफल, पुलिस जांच जारी

मामला सामने आने पर महिला थाना स्थित परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई थी, लेकिन सुलह की कोशिशें पूरी तरह विफल रहीं। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में वैधानिक जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।