Delhi Exit Poll: दिल्ली में अगर जीती BJP तो कौन बनेगा मुख्यमंत्री? चर्चा के केंद्र में आया ये सवाल

Delhi Exit Poll:

स्वतंत्र बोल
दिल्ली 06 फरवरी 2025:
दिल्ली में आए एग्जिट पोल के नतीजों ने सभी हैरान कर दिया है. इसमें दो दशक के बाद बीजेपी दिल्ली की सत्ता में लौटती दिखाई दे रही है. एग्जिट पोल के आंकड़ों पर बीजेपी का दावा है कि नतीजे इससे भी कहीं ज्यादा बेहतर होंगे.जहां, बीजेपी के तमाम नेता दिल्ली में सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं वहीं सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर बीजेपी का कोई भी नेता खुलकर जवाब नहीं दे रहा है.

ad

दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी भी नेता के नाम का ऐलान नहीं किया. पार्टी का कहना है कि चुनावी नतीजों के बाद ही इस पर फैसला लिया जाएगा. राजनीतिक गलियारों में सीएम फेस को लेकर दो नामों की चर्चा जरूर है.

youtube

Delhi Exit Poll:ये दो नेता सीएम फेस की रेस में?
हालांकि दिल्ली के सियासी हलकों में लोग दबी आवाज में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर दो नाम क जिक्र कर रहे हैं. इनमें नई दिल्ली विधानसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी और पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा और कालकाजी विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी का नाम शामिल है. बीजेपी की तरफ से इन दोनों ही नेताओं का नाम इसलिए लिया जा रहा है क्योंकि आम आदमी पार्टी भी दावा कर चुकी है कि बीजेपी इन दोनों में से ही किसी को सीएम बनाना चाहती है.

Delhi Exit Poll:क्या बोले प्रवेश वर्मा और रमेश बिधूड़ी?
उधर, जब बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा से उनके सीएम फेस बनने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इस पर सीधा जवाब नहीं दिया. उन्होंने गोलमोल करते हुए कहा कि ये ऐसा सवाल है जिसका जवाब मैं नहीं दे सकता हूं. उनके अलावा यही सवाल जब रमेश बिधूड़ी से किया गया तो उन्होंने इससे साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि मेरा किसी पद पर कोई दावा नहीं है मैं जनता की सेवा के लिए पूरी तरह से समर्पित हूं.

Delhi Exit Poll:CM को लेकर चौंका सकती है बीजेपी
वहीं आठ फरवरी को अगर दिल्ली में चुनावी नतीजे बीजेपी के पक्ष में आते हैं तो पार्टी मुख्यमंत्री पद को लेकर चौंकाने वाला फैसला भी ले सकती है. ये बात हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि बीजेपी पहले भी ऐसा कर चुकी है. दरअसल, साल 2023 में हुए मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री के तौर पर तीनों ही राज्यों में बीजेपी ने नए चेहरों को मौका दिया था. मध्य प्रदेश में बीजेपी ने मोहन यादव, छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय और राजस्थान में पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाया था.

अब राजधानी दिल्ली के सियासी हल्कों में ये बात भी कही जा रही है कि अगर बीजेपी दिल्ली में चुनाव जीतती है तो पार्टी किसी नए चेहरे पर भी दांव खेल सकती है. हालांकि दिल्ली में जनता ने अपना प्यार किस सियासी दल पर लुटाया है ये आठ फरवरी को चुनावी परिणाम आने के बाद पता चल जाएगा.

Reel से रीयल लाइफ की तरफ बढ़ रहे डिजिटल युग के युवा, महाकुंभ में दिखा अलग क्रेज