स्वतंत्र बोल
रायपुर 28 मई 2026: राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद इलाके में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने हर किसी को दहला दिया है। 22 मई से लापता युवक भुवनेश्वर यादव का शव महानदी किनारे रेत में दबा मिला है। आरोप है कि मामूली पानी विवाद के बाद निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को रेत में दफना दिया।
इस पूरे मामले का खुलासा होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पार्षद समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
शराब भट्ठी के पीछे शुरू हुआ विवाद, फिर अचानक गायब हो गया युवक
जानकारी के मुताबिक मृतक भुवनेश्वर यादव नकटी गांव का रहने वाला था और मोनेट कंपनी में ऑपरेटर के पद पर काम करता था। 22 मई से उसके लापता होने के बाद परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन मंदिर हसौद शराब भट्ठी के पीछे भुवनेश्वर यादव और कुछ लोग साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पानी को लेकर विवाद शुरू हुआ और बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। आरोप है कि इसी झगड़े के बाद निर्दलीय पार्षद गोलू रात्रे अपने साथियों के साथ भुवनेश्वर को कार में बैठाकर महासमुंद जिले की तरफ ले गया।
महानदी किनारे हुई पिटाई, फिर हमेशा के लिए शांत हो गई आवाज
पुलिस जांच में सामने आया है कि महानदी किनारे युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। मारपीट इतनी खतरनाक थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को रेत में गाड़कर पूरे मामले को दबाने की कोशिश की।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना वाली शाम भुवनेश्वर ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी। इस दौरान उसने पार्षद से भी पत्नी की बात करवाई थी। इसके कुछ देर बाद उसका मोबाइल अचानक बंद हो गया। यही आखिरी कॉल अब इस हत्याकांड का सबसे बड़ा सुराग बन गया।
पुलिस ने खोला राज, आरोपियों ने कबूला गुनाह
मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि टेक्निकल जांच के दौरान भुवनेश्वर की आखिरी लोकेशन और उसके साथ मौजूद लोगों की जानकारी मिली। शक के आधार पर गोलू रात्रे और उसके साथियों से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसके बाद आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर नांदगांव घाट इलाके से भुवनेश्वर का शव बरामद किया गया। चूंकि घटना स्थल महासमुंद जिले में सामने आया है, इसलिए आगे की कार्रवाई महासमुंद पुलिस को सौंप दी गई है।
इस खौफनाक वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोग इस बात से सहमे हुए हैं कि मामूली विवाद कैसे कुछ ही घंटों में हत्या और शव छिपाने जैसी सनसनीखेज घटना में बदल गया।


