CG News: गोदाम खुला तो उड़ गए अफसरों के होश, लाखों नहीं… करोड़ों का धान गायब, केंद्र प्रभारी गिरफ्तार

स्वतंत्र बोल
महासमुंद 28 मई 2026: जिले में धान खरीदी से जुड़ा ऐसा घोटाला सामने आया है जिसने सहकारी व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। धान उपार्जन केंद्र बम्हनी में किसानों के हजारों क्विंटल धान के गबन का खुलासा होने के बाद पुलिस ने केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर करीब 1 करोड़ 16 लाख रुपये के धान घोटाले का आरोप है।

ad

बताया जा रहा है कि जब प्रशासनिक टीम धान खरीदी केंद्र का भौतिक सत्यापन करने पहुंची, तब रिकॉर्ड और गोदाम के आंकड़ों में भारी अंतर देखकर अधिकारियों के होश उड़ गए। जांच में 3742 क्विंटल यानी 9355 कट्टे मोटा धान कम मिला। इसके बाद पूरे मामले में हड़कंप मच गया।

youtube

जानकारी के मुताबिक 27 मई 2026 को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक पिरदा शाखा के प्रबंधक उस्त कुमार प्रधान ने थाना बसना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि धान उपार्जन केंद्र बम्हनी, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति आरंगी में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है।

जांच में खुलासा हुआ कि समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना की राशि मिलाकर कुल 1 करोड़ 16 लाख 200 रुपये का गबन किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस पूछताछ में आरोपी केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत आखिरकार टूट गया। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान उसने गबन की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी गंगाधर जगत, पिता दुर्जन सिंह जगत, उम्र 37 वर्ष, ग्राम दलालखार, थाना बसना, जिला महासमुंद का निवासी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस घोटाले में और भी लोगों की भूमिका सामने आ सकती है। जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।