CG BREAKING: सिलेंडर के धमाके ने पलभर में खत्म कर दिया पूरा परिवार, चीखें भी नहीं बचा सकीं चार जिंदगियां

स्वतंत्र बोल
दुर्ग,12 मई 2026:
 छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से मंगलवार को एक ऐसा दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। कुम्हारी थाना क्षेत्र के खपरी गांव में एक घर के भीतर अचानक हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट ने देखते ही देखते पूरा परिवार खत्म कर दिया। तेज धमाके के बाद घर आग का गोला बन गया और अंदर मौजूद चार लोग जिंदा जल गए। मरने वालों में एक चार साल की मासूम बच्ची भी शामिल है।

ad

बताया जा रहा है कि खपरी गांव स्थित मकान में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही सेकंड में आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद लोग बाहर निकलने की कोशिश भी नहीं कर सके और आग की भयावह लपटों में फंस गए।

youtube

हादसे में अनिल वैष्णव (45 वर्ष), चांदनी वैष्णव (18 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (20 वर्ष) और चार वर्षीय गोपिका वैष्णव की दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि कोई अंदर तक नहीं पहुंच सका।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जब तक राहत कार्य पूरा हुआ, तब तक घर के अंदर से चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके थे। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

हादसे की खबर मिलते ही सांसद विजय बघेल, एसएसपी विजय अग्रवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह समेत जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस फिलहाल सिलेंडर ब्लास्ट के कारणों की जांच में जुटी हुई है।