19 मई को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक, सुरक्षा से लेकर विकास तक बड़े फैसलों के संकेत

स्वतंत्र बोल
रायपुर,06 मई 2026:
बस्तर, जो कभी नक्सल गतिविधियों के लिए जाना जाता था, अब एक बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक केंद्र के रूप में उभरने जा रहा है। यहां पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की हाईलेवल बैठक आयोजित होने जा रही है, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे।

ad

जानकारी के मुताबिक, अमित शाह 18 मई की रात जगदलपुर पहुंचेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 19 मई को वे मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक के बाद उसी दिन शाम को उनके दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।

youtube

इस अहम बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। चार राज्यों के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में होने वाली यह बैठक कई मायनों में बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक लखनऊ में आयोजित की गई थी, लेकिन बस्तर में पहली बार इस स्तर की बैठक का आयोजन होना अपने आप में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।

बैठक को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य सचिव विकासशील ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि पिछली बैठक के निर्णयों के आधार पर प्रदेश में किए गए कार्यों और लंबित मुद्दों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए।

बताया जा रहा है कि इस बैठक में सामाजिक-आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था और अंतर-राज्यीय समन्वय जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। खासकर बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के प्रभाव को खत्म करने के बाद यह पहली बड़ी उच्चस्तरीय बैठक है, जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।

इस बैठक को बस्तर के बदलते स्वरूप और विकास की दिशा में एक बड़े कदम के तौर पर देखा जा रहा है, जहां कभी बंदूक की गूंज सुनाई देती थी, वहां अब नीतियों और विकास की रणनीति तय की जाएगी।