स्वतंत्र बोल
रायपुर 27 जून 2026: छत्तीसगढ़ की सियासत में बयानों का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के भाजपा सरकार पर किए गए हमलों का भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तीखा जवाब दिया है। उन्होंने दावा किया कि अमरजीत भगत कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने की तैयारी में हैं और इसी वजह से लगातार आक्रामक बयानबाजी कर रहे हैं।
रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा, “अमरजीत भगत मेरे प्रिय छोटे भाई हैं। कांग्रेस में जिस तरह अमरजीत भगत बोलते हैं, उसी तरह भाजपा में पुरंदर मिश्रा बोलते हैं। उन्हें अपना 2018 से 2023 तक का कार्यकाल याद करना चाहिए। मंत्री बनने के लिए उन्होंने काफी संघर्ष किया था।”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस अपने पांच साल और भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल की तुलना कर ले, इससे जनता को खुद पता चल जाएगा कि किस सरकार ने कितना काम किया। पुरंदर मिश्रा ने आरोप लगाया कि अमरजीत भगत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने की कोशिश कर रहे हैं और मौजूदा नेतृत्व में बदलाव की उम्मीद में लगातार बयान देकर अपनी दावेदारी मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा विधायक ने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर भी निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में संगठन को मजबूत करने से ज्यादा चंदा जुटाने और आर्थिक संसाधन बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई। उनके मुताबिक कांग्रेस की बैठकों में इस बात पर जोर दिया जाता है कि फंड कैसे जुटाया जाए और आर्थिक संग्रह कैसे बढ़ाया जाए।
गौरतलब है कि इससे पहले पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि भाजपा के अंदर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने दावा किया था कि पार्टी के पास ऐसी रिपोर्ट है जिसमें सरकार की दोबारा वापसी के संकेत नहीं हैं। भगत ने कहा था कि भाजपा भले ही “ऑल इज़ वेल” का दावा कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है।


