निर्माण कार्य बंद, स्कूल हाइब्रिड मोड पर… फिर भी क्यों नहीं थम रहा दिल्ली-NCR में जहरीली हवा का कहर?

6af667d3907d1 delhi covered in smog 132850641 16x9

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 13 नवंबर 2026:
दिल्ली-NCR में प्रदूषण ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह दिल्ली का ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया। राजधानी के आनंद विहार इलाके में यह आंकड़ा 414 दर्ज किया गया है। इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी हवा की हालत काफी खराब बनी हुई है। सुबह के आंकड़े बता रहे हैं कि प्रदूषण का असर अब पूरे एनसीआर में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।

ad

सुबह 5:05 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली-NCR के प्रमुख शहरों में हवा सांस लेने लायक नहीं रह गई है। आनंद विहार में AQI 414 तक पहुंच गया, जबकि गाजियाबाद में यह 377, नोएडा में 369 और गुरुग्राम में 349 दर्ज किया गया।

youtube

आनंद विहार में सबसे खराब रही हवा

दिल्ली के आनंद विहार इलाके में AQI 414 दर्ज किया गया, जो हवा की बेहद खराब स्थिति को दर्शाता है। AQI से यह पता चलता है कि हवा में प्रदूषण कितना है। इसका आंकड़ा जितना बढ़ता है, हवा की क्वालिटी उतनी ही खराब होती जाती है। 400 के पार पहुंचा यह AQI लोगों के स्वास्थ्य के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।

पिछले दिनों से बनी हुई है समस्या

दिल्ली-NCR में प्रदूषण की समस्या पिछले कई दिनों से लगातार बनी हुई है। इससे पहले 11 नवंबर की सुबह 6 बजे दिल्ली का AQI 299 दर्ज किया गया था, जबकि नोएडा में 276 और गुरुग्राम में 295 था। इसके मुकाबले शुक्रवार सुबह हवा की स्थिति और अधिक खराब नजर आई है। 12 अक्टूबर को भी प्रदूषण को लेकर सख्ती बढ़ाई गई थी, जब अक्षरधाम इलाके में स्मॉग की मोटी चादर दिखी थी और एम्स, जेएलएन स्टेडियम व सराय काले खां के आसपास भी प्रदूषण का असर देखा गया था।

प्रशासन की ओर से उठाए गए कदम

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए पहले भी कई सख्त कदम उठाए गए हैं। गाजियाबाद में 20 नवंबर तक सरकारी और निजी निर्माण कार्य बंद रखने के निर्देश दिए गए थे और इमारतों को तोड़ने से जुड़े कामों पर रोक लगाई गई थी। सड़कों की मशीनों से सफाई और पानी का छिड़काव दोगुना करने के आदेश दिए गए थे। इसके अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में कक्षा 5 तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराने के निर्देश भी जारी किए गए थे, जिसके तहत बच्चों को ऑनलाइन या स्कूल जाकर पढ़ाई करने का विकल्प मिला था।