नवा रायपुर के इस पार्क में क्या है खास, अमित शाह ने किया लोकार्पण

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 3 नवंबर 2026:
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार, 3 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। करीब 16 एकड़ में फैले इस पार्क में अब तक 2,500 से अधिक पीपल और 500 से ज्यादा स्थानीय प्रजातियों के पेड़ लगाए जा चुके हैं। इस पहल के जरिए नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

ad

लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा भी लगाया। इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित रहे।

youtube

विकसित भारत के संकल्प से जुड़ा है पार्क

विकसित भारत संकल्प पार्क का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को यादगार बनाने और आने वाली पीढ़ियों तक राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है।

इस पार्क के जरिए भावी पीढ़ियों को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करने की योजना है। पार्क में पीपल के साथ स्थानीय प्रजातियों के पेड़ भी लगाए गए हैं।

‘People for Peepal’ अभियान से जुड़ेंगे नागरिक

नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने के लिए ‘People for Peepal’ अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों को उनकी देखभाल और संरक्षण से भी जोड़ना है।

इसी दिशा में विकसित भारत संकल्प पार्क को पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। अभियान के जरिए पीपल के प्रति लोगों की सांस्कृतिक आस्था को पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

इस पहल के तहत आधुनिक शहरी सुविधाओं के साथ शहर में हरियाली बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जाएगा।