स्वतंत्र बोल
भानुप्रतापपुर, 16 मई 2026: कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में ट्रक फाइनेंस के नाम पर लाखों रुपए की सनसनीखेज ठगी का मामला सामने आया है। सेकंड हैंड ट्रक खरीदने का सपना देख रही महिला को ऐसा झटका लगा कि पूरा मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। आरोप है कि फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर ने भरोसे का फायदा उठाकर लाखों रुपए ऐंठ लिए और बाद में ऐसा खेल खेला, जिसने सबको चौंका दिया।
जानकारी के मुताबिक हरहरपानी निवासी सुनिता यादव ने भानुप्रतापपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी की नारायणपुर ब्रांच के मैनेजर संजय भास्कर तिवारी के माध्यम से एक सेकंड हैंड ट्रक खरीदा था। ट्रक की कीमत करीब 29 लाख 42 हजार रुपए बताई गई थी।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी मैनेजर ने 36 लाख रुपए का फाइनेंस कराने और जमानतदार की व्यवस्था करने का झांसा देकर अलग-अलग तारीखों में उनसे 9 लाख 35 हजार 838 रुपए जमा करा लिए। शुरुआत में सबकुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन बाद में जब ट्रक का मूल्यांकन कराया गया तो ऐसा खुलासा हुआ, जिसने सभी को हैरान कर दिया।
जांच में पता चला कि ट्रक का चेसिस नंबर ही मौजूद नहीं है। इतना ही नहीं, वाहन का नामांतरण भी पीड़िता के नाम पर नहीं किया गया था। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि वाहन के दस्तावेजों और स्वरूप में कथित तौर पर बदलाव कर धोखाधड़ी की गई।
पीड़िता ने जब इस पूरे मामले पर सवाल उठाए, तो आरोपी ने ट्रक बेचकर पैसे लौटाने का भरोसा दिया। लेकिन कुछ दिन बाद वह ट्रक को अपने कब्जे में लेकर फरार हो गया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
भानुप्रतापपुर पुलिस ने जांच के बाद आरोपी ब्रांच मैनेजर संजय भास्कर तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और कहीं इसी तरह से अन्य लोगों को भी निशाना तो नहीं बनाया गया।


